हरियाणा सरकार पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के विकास के लिए उपलब्ध करवायेगी हर संभव मदद :- महामहिम राज्यपाल तथा विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. असीम कुमार घोष
– हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में की है अभूतपूर्व उन्नति
– विश्वविद्यालय ने उच्च गुणवत्ता शोध के क्षेत्र में किया महत्वपूर्ण कार्य
– महामहिम राज्यपाल ने स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय को स्वैच्छिक कोष से 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की
चंडीगढ़ , 25 अक्तूबर : महामहिम राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के विकास के लिए हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी। विश्वविद्यालय में उच्च गुणवत्ता शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है। वे प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत ढांचा को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे। प्रो. असीम कुमार घोष ने विश्वविद्यालय को बच्चों की शिक्षा एवं स्वच्छ पेयजल तथा मरीजों के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से 5 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की।
महामहिम राज्यपाल स्थानीय पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्यों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रो. असीम कुमार घोष विश्वविद्यालय के चांसलर भी है। विश्वविद्यालय परिसर पहुंचने पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा महामहिम राज्यपाल तथा विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. असीम कुमार घोष तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें स्मृतिचिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। महामहिम राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा के गठन के बाद हरियाणा में सूचना तकनीकी, शिक्षा, खेल तथा चिकित्सा सहित अन्य सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री से ज्यादा बजट अलॉट करने बारे बात की है। प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ढांचागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में और कार्य किया जाएगा। सरकार द्वारा नागरिकों को गुणवत्ता परक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। नागरिकों को सरकारी अस्पतालों में निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कदम उठाये जा रहे है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के डॉक्टरों ने कोविड महामारी के दौरान सराहनीय कार्य किया है तथा अपनी क्षमता व प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया है। डॉक्टर कोविड महामारी के दौरान निरंतर नागरिकों की सेवा में जुटे रहे। विश्वविद्यालय द्वारा न केवल चिकित्सा शिक्षा, मरीजों का इलाज बल्कि गुणवत्ता परक शोध के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने महामहिम राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. असीम कुमार घोष तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में विश्वविद्यालय के साथ 55 कॉलेज समबद्घ थे और अब इनकी संख्या बढक़र 155 हो गई है। विश्वविद्यालय 379 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है तथा विश्वविद्यालय का परिसर हरा-भरा है। विश्वविद्यालय को ग्रीन यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में अनेक कदम उठाये गए है। सरकार द्वारा शुरू की गई सभी स्वास्थ्य योजनाओं का विश्वविद्यालय में क्रियान्वयन किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एसके सिंघल ने विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल के एडीसी स्क्वाड्रन लीडर मोहन कृष्णा, एसएमओ डॉ. राकेश तलवार, व्यक्तिगत सहायक शंख चटर्जी व राहुल डागर, महम के उपमंडलाधीश मुकुंद तंवर के अलावा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों में डॉ. एमजी वशिष्ट, डॉ. ध्रुव चौधरी, डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. सविता सिंघल, डॉ. वरूण अरोड़ा सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
बॉक्स :-
महामहिम राज्यपाल ने नागरिक अस्पताल का दौरा कर लिया सुविधाओं का जायजा :-
– अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों से की बातचीत
– अस्पताल परिसर में धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष के साथ किया पौधारोपण
महामहिम राज्यपाल असीम कुमार घोष ने सामान्य अस्पताल रोहतक का दौरा करके सुविधाओं का जायजा लिया। राज्यपाल ने आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण कर वहां पर उपचाराधीन मरीजों से सुविधाओं बारे बातचीत की। इसके उपरांत उन्होंने बच्चों के वार्ड का भी निरीक्षण किया। अस्पताल के स्टाफ से बातचीत की। स्टाफ के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त की। अस्पताल में उपलब्ध दवाइयां के बारे में भी राज्यपाल ने जानकारी ली। स्टाफ से चुनौतियां व मांग के बारे में भी राज्यपाल ने फीडबैक ली।
राज्यपाल असीम कुमार घोष व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष ने सरकार की आयुष्मान भारत योजना के दो लाभार्थियों को कार्ड भी वितरित किए। इससे पहले राज्यपाल असीम कुमार घोष व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष ने अस्पताल परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉक्टर रमेश चंद्र ने राज्यपाल को अस्पताल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पीएमओ डॉ. रेनू व अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।











