Close

    75 लाख सूर्यनमस्कार अभियान‘‘ कार्यक्रम, ITBP, B.T.C., भानु, पंचकूला

    Publish Date: जनवरी 11, 2023

    डा0 जयदीप आर्य जी, अध्यक्ष, हरियाणा योग आयोग,
    डा0 साकेत कुमार जी, महानिदेशक, आयुष विभाग एवं आयुक्त, करनाल,
    श्री ईश्वर सिंह दूहन जी, महानिरीक्षक, B.T.C.,ITBP, भानु (पंचकूला)
    उपस्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण, सभी जवान युवा साधक, भाईयों-बहनों, मीडिया के बन्धुओं!
    आज़ादी के अमृत काल में शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, खेल विभाग, हरियाणा योग आयोग, व ITBP, B.T.C. भानु (पंचकूला) द्वारा आयोजित ‘‘75 लाख सूर्यनमस्कार अभियान‘‘ कार्यक्रम में शामिल होकर मैं बहुत ही गौरव का अनुभव कर रहा हूं। आज इस कार्यक्रम में शामिल सभी जवानों व योग साधकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। कल 12 जनवरी को पूरे देश में स्वामी विवेकानन्द जी के जन्म दिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मैं आप सब को शुभकामनाएं देता हूं और स्वामी विवेकानन्द जी को नमन करता हूं।
    योगेन चित्तस्य पदेन वाचां । मलं शरीरस्य च वैद्यकेन ॥
    योऽपाकरोत्तमं प्रवरं मुनीनां। पतञ्जलिं प्राञ्जलिरानतोऽस्मि।।

    अर्थात् जिन्होंने मन की शान्ति और पवित्रता के लिए दुनिया को योग दिया, भाषा की स्पष्टता और शुद्धि के लिए व्याकरण दी और स्वास्थ्य की पूर्णता के लिए औषधि दी, आइए हम सभी उन महान ऋषि पतंजलि को नमन करें।
    भाईयों-बहनों!
    अष्टांग योग की विस्तार से चर्चा मर्हिष पतंजलि के योग सूत्र में मिलती है। उन्होंने अष्टांग योग के आठ सूत्र यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि दिए हैं। अष्टांग योग के आसन में सूर्यनमस्कार की अपनी महत्ता है। इसे सभी योगासनों में सर्वश्रेष्ठ माना गया है। सूर्यनमस्कार अपने आप में एक सम्पूर्ण अभ्यास है। सूर्यनमस्कार स्त्री, पुरूष, बाल, युवा और वृद्धों व सभी के लिए उपयोगी है।
    आदित्यस्य नमस्कारान् ये कुर्वन्ति दिने दिने।
    आयुः प्रज्ञा बलं वीर्यं तेजस्तेषां च जायते।।

    अर्थात् जो लोग प्रतिदिन सूर्यनमस्कार करते हैं, उनकी आयु, प्रज्ञा, बल, वीर्य और तेज बढ़ता है।
    वर्तमान में मानव भौतिकवाद के अंधेरे में मानसिक शांति और शारीरिक स्वास्थ्य को खोता जा रहा है। आधुनिक मानव का चित्त या मन अपने केंद्र से भटक गया है। उसके अंतर्मुखी और बहिर्मुखी होने में संतुलन नहीं रहा। इसके परिणामस्वरूप जीवन में तनाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे समय में योग ही मनुष्य के जीवन को व्यवस्थित कर सकता है।
    हमें गर्व है कि देश दूनिया के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और आदर्श जीवनशैली के लिए हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 21 जून का दिन संयुक्त राष्ट्र संघ में अंतर्राष्ट्री योग दिवस के रूप में घोषित करवाया। 2015 से पूरा विश्व इस दिन को योग दिवस के रूप में मना रहा है।
    भाईयों-बहनों!
    हमारे सैन्य बलों के लिए तो योग अत्यंत ही लाभकारी है। सुरक्षा बलों में तैनात सैनिकों को विकट स्थानों पर बहुत ही विकट परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। ऐसे में शारीरिक और मनोस्थिति को संतुलित बनाए रखना बहुत ही जरूरी है। जीवन की दिनचर्या में संतुलन बनाए रखने के लिए योग एक अमूल्य औषधि का कार्य करता है। किसी भी वर्ग के लोगों कि लिए योग एक रामबाण है।
    पिछले दिनों कोरोना काल में भारत में ही नहीं विदेशों में भी लोगों ने योग का सहारा लेकर स्वयं को बचाए रखा। आज यहां हमारे सैनिकों के लिए योेग सुर्यनमस्कार का आयोजन किया गया है। इसके लिए मैं सभी संस्थाओं को धन्यवाद देता हूं। इससे हमारे सैनिकों का मनोबल और उत्साह बढ़ेगा और सभी देश की रक्षा के लिए और अधिक जज्बे से कार्य करेगंे।
    भाईयों-बहनों!
    हमारी सेना व अर्धसैनिक बलों के जवानों से हमेशा ही देश की रक्षा के लिए आगे बढ़कर दुश्मन के दांत खट्टे किए हैं। देश की आंतरिक सुरक्षा के मामलों में तो भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने सदैव अग्रिम मोर्चे पर रहकर काम किया है। देश में कहीं भी प्राकृतिक आपदा, आतंकवाद, नक्सलवाद व अन्य प्रकार की चुनौतियों से पार पाने के लिए या देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत बनाने तथा अन्य कानून व्यवस्था के मामलों में ITBP ने हमेशा हर चुनौती का मुकाबला किया है। ITBP ने देश की सुरक्षा में जहां महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
    प्रधानमं़ं़त्री श्री नरेन्द्र जी के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं और अर्धसैनिक बलों का मजबूतीकरण हुआ है। सभी सेनाओं के जवान आज किसी भी दुश्मन देश का मुकाबला करने के लिए हिम्मत और साहस से लबालब हैं। सभी सेनाओं और सैनिक बलों के पास आधुनिक हथियार और सामरिक सुविधाएं है।
    प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने भारतीय सेना को अति आधुनिक Rafale Fighter Jet, S&400 Missile Defence System, Brahmos Missile उपलब्ध करवाया है। इसके साथ-साथ बहुत ही आधुनिक Hyperesonic Missile भी विकसित होने की बहुत ही Advacne स्टेज में है। इतना ही नहींCyber Defence Agency का निर्माण कर मिलिट्री के Cyber Infrastructure को मजबूत किया है। पिछले दिनों देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नौसेना के बेडे में आई.एन.एस विक्रांत को शामिल कर नौसेना को मजबूती प्रदान की है।
    केन्द्र सरकार ने ITBP के जवानों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए Centre Benevolet Fund की स्थापना की है, जिसके तहत विभिन्न ऑपरेशन कार्यों के दौरान वीरगति प्राप्त होने जवानों के परिवारों को चालीस लाख रूपए की सहायता रिलीफ फंड के रूप में मुहैया करवाई जाती है।
    हरियाणा सरकार भी सैनिकों व उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वीरगति को प्राप्त होने वाले सैनिकों व अर्द्ध-सैनिकों के परिवारों को दी जाने वाली एक्स-ग्रेशिया ग्रांट बीस लाख रुपये से बढ़ाकर पचास लाख रुपए की गई है।
    भाईयों-बहनों!
    मुझे विश्वास है कि सभी पुलिस बलों के जवानों का इस सुर्यनमस्कार के कार्यक्रम से मनोबल बढ़ेगा और प्रधानमंत्री जी के फिट इण्डिया कार्यक्रम को बल मिलेगा। इस प्रकार से योग देश व प्रदेश की सुरक्षा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
    अंत में, मैं कहना चाहूंगा कि योग एक ऐसी अमूल्य औषधि है जो बिना मूल्य आप को स्वस्थता प्रदान कर सकती है, आप को शक्तिवर्धक बना सकती है, आप का आत्म-विश्वास बढ़ा सकती है और स्वस्थ शरीर का आशीर्वाद भी दे सकती है। इसलिए योग के महत्व को जानिए, पहचानिए और जीवन में उसे अपनाइए। मैं इस योग शिविर में भाग लेने वाले सब योग साधकों के स्वस्थ व खुशहाल जीवन की कामना करता हूं।
    जय हिन्द!