राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने इंडियन रिसोर्स एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा स्थापित सामुदायिक रेडियो ‘इरादा रेडियो’ का किया शुभारंभ

चंडीगढ़, 18 अप्रैल, 2025: हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में सामुदायिक रेडियो ‘इरादा रेडियो’ का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने ‘इरादा रेडियो’ के स्थापना समारोह में बतौर अतिथि शिरकत की। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि इंडियन रिसोर्स एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन (इरादा) के द्वारा कुरुक्षेत्र में सामुदायिक रेडियो स्टेशन “इरादा रेडियो” स्थापित किया जा रहा है, जिसका प्रसारण 88.4 मेगाहर्ट्ज पर किया जाएगा। इसके लिए मैं राजपाल जी, डॉ कृष्ण कुमार जी व इरादा रेडियो की पूरी टीम को हार्दिक बधाई देता हूं।
रेडियो जनसंचार के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी शुरुआत थी। यह इलेक्ट्रॉनिक मीडिया द्वारा जनसंचार के सबसे पुराने और सबसे आसान तरीकों में से एक है। रेडियो ने अपनी शुरुआत से लेकर आज तक लोगों में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। रेडियो की सेवाओं का समाज कल्याण में ऐतिहासिक योगदान रहा है। भारत में रेडियो की शुरुआत समाचार प्रसारण से हुई। बाद में, रेडियो पर मनोरंजन के साथ-साथ जीवन के विभिन्न पहलुओं, समाज, संस्कृति, स्वास्थ्य और कृषि आदि को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाने लगे। जिसके फलस्वरूप यह लोगों के लिए जागरूकता से मानव कल्याण का एक सशक्त माध्यम बन गया। मुझे पूरा विश्वास है कि ‘इरादा रेडियो’ श्रोताओं के लिए एक नया और रोमांचक अनुभव लेकर आएगा तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम होगा। साथ ही श्रोताओं को सही सूचना उपलब्ध करवाने में मील का पत्थर साबित होगा। आपकी आवाज़ हर घर में गूँजे और सबका दिल जीते।
इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. बी. वी. रमन्ना रेड्डी-निदेशक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र, धर्मवीर मिर्जापुर-चैयरमैन पशुधन विकास बोर्ड, धुमन सिंह किरमच-उपाध्यक्ष सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड, स्वामी हरिओम दास-संचालक, वात्सल्य वाटिका स्कूल और डॉक्टर ए. आर. चौधरी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संस्था के सचिव राजपाल पांचाल ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण कुमार, वीरेंद्र कश्यप, अर्चना, नीलम, अरविंद, सुनीता सैनी आदि का योगदान महत्वपूर्ण रहा। इसके अलावा, कार्यक्रम में विज्ञान संचालक दर्शन लाल बवेजा, रण सिंह, समाजसेवी साहब सिंह खंडवा, खिलाड़ी सोनिया तथा प्रगतिशील किसान युधिष्ठिर कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित शख्सियतों की उपस्थिति में आयोजित किया गया और इसका उद्देश्य समुदाय में जागरूकता बढ़ाना और सकारात्मक परिवर्तन लाना है। हमारी संस्था इस नई पहल के माध्यम से जनता के जीवन में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।