Close

    राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित विश्व रेडक्रॉस दिवस समारोह में अभिभाषण देते हुए

    Publish Date: मई 8, 2022

    चंडीगढ़, 8 मई- हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि आज के डिजीटल युग में रेड क्रॉस की कार्य पद्धति का डिजिटलाइजेशन किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त रेड क्रॉस के माध्यम से युवाओ में कौशल विकास का मार्ग प्रशस्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार सृजन क्षेत्र में डिजीटल टेक्नोलॉजी का प्रयोग अधिकाधिक करने पर भी बल दिया।
    राज्यपाल आज महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित विश्व रेड क्रॉस दिवस समारोह में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी (हरियाणा शाखा), जिला प्रशासन रोहतक तथा महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस मानवता का कार्य करता रहा है, जोकि सराहनीय है। इसलिए आज जरूरत है कि प्रत्येक व्यक्ति रेड क्रॉस के मिशन को आगे बढ़ाते हुए इंसान की सुरक्षा के लिए कार्य करें। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एमडीयू यूथ रेड क्रॉस के बुलेटिन का लोकार्पण किया।
    राज्यपाल ने एमडीयू रेड क्रॉस द्वारा 100 वां रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने पर बधाई दी और रक्तदान को सामाजिक मुहिम बनाने की अपील की। उन्होंने एमडीयू के टैगोर परिसर में रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने एमडीयू यूथ रेड क्रॉस द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान कर रहे रक्तदाताओं की हौसला अफजाई की। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल ने रेड क्रॉस में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा कॉलेजों को पुरस्कृत किया। वर्ष 2018-2019 के लिए स्वर्ण पदक सुभाष गुप्ता को प्रदान किया गया। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार जिला फरीदाबाद रेड क्रॉस सोसायटी, दूसरा पुरस्कार रोहतक रेड क्रॉस सोसायटी को तथा तीसरा पुरस्कार जिला अंबाला रेड क्रॉस सोसायटी को प्रदान किया गया।
    राज्यपाल ने एमडीयू के यूथ रेड क्रॉस गतिविधियों के लिए 2019-2020 वर्ष की ट्रॉफी जाट महाविद्यालय रोहतक को तथा 2020-2021 की ट्रॉफी एलएन हिंदू कॉलेज रोहतक को प्रदान की गई। एनएनएस गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए डा. रणबीर सिंह गुलिया तथा जैसमीन बिश्नोई को पुरस्कृत किया गया।
    कार्यक्रम में एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने राज्यपाल का अभिनंदन करते हुए कहा कि शिक्षा का सही अर्थ सेवा भाव है। शिक्षार्थ आइए, सेवार्थ जाइए का मंत्र यूथ रेड क्रॉस वॉलंटियर्स को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कोविड काल के दौरान एमडीयू यूथ रेड क्रॉस वॉलंटियर्स द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों का ब्यौरा दिया।
    हरियाणा रेड क्रॉस सोसायटी के महासचिव डा. मुकेश अग्रवाल ने रेड क्रॉस के संस्थापक सर जीन हेनरी को श्रद्धांजलि देते हुए हरियाणा रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। हरियाणा रेड क्रॉस सोसाइटी की उपाध्यक्षा सुषमा गुप्ता ने सभी राज्यपाल सहित सभी महमानों का स्वागत किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में इशा पंचाल एवम टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
    इस अवसर पर रोहतक के मेयर मनमोहन गोयल, रेड क्रॉस सोसायटी की कोषाध्यक्ष सुषमा शर्मा, एमडीयू के डीन एकेडमिक एफेयर्स प्रो. नवरतन शर्मा, रजिस्ट्रार प्रो. गुलशन लाल तनेजा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. राजकुमार, समेत जिला प्रशासन के अधिकारीगण, यूथ रेड क्रॉस वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।

    62cbdff0-ce53-4750-8d52-b3cde4885cec

    राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित विश्व रेडक्रॉस दिवस समारोह में अभिभाषण देते हुए

    29

    राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय विश्व रेडक्रॉस दिवस पर उपस्थित समारोह में पुरस्कार वितरित करते हुए

    28

    राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय विश्व रेडक्रॉस दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में रक्त दाताओं को बैज लगाते हुए

    7eea6834-f756-4582-a07b-86c68fda0b15

    राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित विश्व रेडक्रॉस दिवस समारोह का निरीक्षण करते हुए

    6cdfab3e-4893-4d74-93f4-a464e1f93ea7

    राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय विश्व रेडक्रॉस दिवस पर आयोजित समारोह में स्मारिका का विमोचन करते हुए