Close

    महाराष्ट्र दिवस, राजभवन

    Publish Date: मई 1, 2023

    भाईयों और बहनों!
    आज हम सबों के लिए बहुत ही गर्व का विषय है कि महाराष्ट्र दिवस के शुभ अवसर पर हम सभी यहां एकत्रित हुए हैं। मैं आप सभी को महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं।
    महाराष्ट्र भारतवर्ष का एक महत्वपूर्ण राज्य है। यह अपनी महान सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है।
    भारतवर्ष के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज के नए भारत के निर्माण में महाराष्ट्र और महाराष्ट्र के लोगों की भूमिका अनुकरणीय व सराहनीय है।
    हम सभी बचपन से ही छत्रपति शिवाजी महाराज, साहूजी महाराज, ज्योतिबा फुले, सावित्री बाई फुले, संत तुकाराम, संत नामदेव जैसे महान विभूतियों से प्रेरणा लेते रहे हैं।
    हम सभी कैसे भूल सकते हैं कि भारतीय संविधान के निर्माता डा0 भीम राव अंबेडकर जी को, जिन्होंने समाज में व्याप्त छुआछुत जैसे कुरूतियों का न ही सिर्फ डट कर सामना किया बल्कि एक समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में क्रांतिकारी पहल की।
    आज आजादी के पच्चहतर वर्ष बाद जब हम भारतवर्ष को एक विश्व के ताकतवर राष्ट्र के रूप में देख रहे हैं, तो इसमें हमारे संविधान की सबसे बड़ी भूमिका है।
    आज महाराष्ट्र भारतवर्ष के आर्थिक विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुझे आप सभी से यह साझा करते हुए अपार खुशी हो रही है कि मार्च 2023 में महाराष्ट्र ने बाईस हजार छः सौ पच्चानवैं करोड़ रूपए जी.एस.टी के रूप में संकलित किया, जो कि पूरे देश में सबसे अधिक था। इससे यह पता चलता है कि महाराष्ट्र विकास के पथ पर कितने तेजी से चल रहा है।
    प्यारे भाईयों-बहनों! एक मई उन्नीस सौ साठ को जब महाराष्ट्र की स्थापना हुई तब से एक राज्य के रूप में महाराष्ट्र ने विकास के मामले में पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके लिए महाराष्ट्र के लोग और उनकी मेहनत की हमें सराहना करनी होगी।
    मैं उम्मीद करता हूं कि आप लोग अपने राज्य और भारत के समावेशी विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेगें। आप सबों को फिर से महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
    जय महाराष्ट्र, जय हिन्द!