Close

    पुलिस अलंकरण समारोह (पंचकूला)

    Publish Date: अप्रैल 26, 2022

    समारोह में उपस्थित हरियाणा पुलिस के अधिकारीण, कर्मचारीगण, भाईयों-बहनों, पत्रकार एवं छायाकार बन्धुओं-
    आज मैं पंचकूला की पावन धरती पर आयोजित पुलिस अलंकरण समारोह में पहुंचकर बहुत ही गर्व महसूस कर रहा हूं। सबसे पहले मैं, राष्ट्रपति पुलिस पदक/पुलिस पदक से सम्मानित आप सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
    आपको यह पदक अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पालन करने और विशिष्ट व सराहनीय उपलब्धियां अर्जित करने की बदौलत मिला है। यह केवल आपके लिए ही नहीं बल्कि समूचे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मैं आपके परिजनों को भी हार्दिक बधाई देता हूं।
    यह अवसर हम सभी को गर्व का अहसास कराता है कि हरियाणा पुलिस की पहचान देश के श्रेष्ठ पुलिस बलों में की जाती है। मेरी आपसे यह भी अपील है कि इस पहचान को बनाए रखने में सदैव तत्पर रहें।
    मुझे बताया गया है कि आज के इस भव्य आयोजन के माध्यम से बानवे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस पदक से अलंकृत किया जा रहा है। हरियाणा पुलिस के ग्यारह अधिकारियों व कर्मचारियों को अति विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा इक्कासी अधिकारियों/कर्मचारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया जा रहा है।
    मुझे यह जानकर भी प्रसन्नता हुई है कि देश में हरियाणा पुलिस को पासपोर्ट हेतू सत्यापन करने का कार्य निश्चित समय में करवाने के लिए दो हजार चौदह से दो हजार बीस तक पांच बार पुरस्कृत किया गया है। इसके साथ ही हरियाणा पुलिस को प्रगति डेश बोर्ड में माह जून और जुलाई दो हजार इक्कीस में सौ प्रतिशत अंकों के साथ पूरे देश में पहला स्थान मिला है। इसके लिए हरियाणा सरकार व पूरा गृह विभाग बधाई के पात्र हैं।
    जैसा कि विदित है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने की पुलिस की जितनी बड़ी जिम्मेदारी है उतनी ही जिम्मेदारी जनता से परस्पर समन्वय बनाए रखने की ताकि जनता का पुलिस पर और विश्वास बढ़े। पुलिस को अपनी जन हितैषी छवि को और बेहतर करना होगा।

    आप यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कभी किसी निर्दाेष के साथ अन्याय न हो और आमजन अपने आप को सुरक्षित महसूस करे।
    मुझे पूरा विश्वास है कि यहां सम्मानित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से पुलिस बल के अधिकारी और कर्मचारी भी प्रेरणा लेते हुए कर्तव्यपरायणता व बेहतर सेवा की दिशा में श्रेष्ठ कार्य करेंगें।
    प्रदेश की आंतरिक कानून व्यवस्था को बनाए रखने में हरियाणा पुलिस का गौरवशाली इतिहास रहा है।

    जब-जब भी प्रदेश में सुरक्षा व कानून व्यवस्था की बात आई है, तब-तब हरियाणा पुलिस के जवानों ने अपना बलिदान देकर प्रदेश में शान्ति व्यवस्था बनाई है। प्रदेश में कहीं भी कानून व्यवस्था व अन्य प्रकार की चुनौतियों से पार पाने के लिए या प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत बनाने तथा अन्य कानून व्यवस्था के मामलों मंे हरियाणा पुलिस ने हमेशा हर चुनौती का मुकाबला किया है। इस भूमिका के लिए मैं हरियाणा पुलिस के अधिकारियों और जवानों के साहस की सराहना करता हूँ।
    प्रधानमं़ं़त्री श्री नरेन्द्र जी के नेतृत्व में देश में भारतीय सेनाओं और अर्धसैनिक बलों और राज्यों की पुलिस का मजबूतीकरण हुआ है। सभी सेनाओं के जवान आज किसी भी दुश्मन देश का मुकाबला करने के लिए हिम्मत और साहस से लबालब हैं। सभी सेनाओं और सैनिक बलों और राज्यों की पुलिस के पास आधुनिक हथियार और सामरिक सुविधाएं है।
    मैं सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देता हूं कि आपने कोरोना काल में एक योद्धा के रूप में कार्य किया है। इसकी बदौलत आज प्रदेश में कोरोना खात्मे की ओर है।

    हरियाणा सरकार ने भी कोरोना ड्यूटी के दौरान संक्रमित होने के कारण जान गवाने वाले कर्मचारियों को बीस लाख रूपए व बिना ड्यूटी के दौरान कोरोना से मरने वाले कर्मचारियों को पांच लाख रूपए की राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।

    मुझे विश्वास है कि आज के इस अलंकरण समारोह से आप सभी का और ज्यादा मनोबल बढ़ेगा। यही मनोबल देश व प्रदेश की सुरक्षा को और मजबूती प्रदान करेगा।

    मैं एक बार फिर आप सभी को इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं देता हूँ और सभी सम्मानित होने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देता हूँ।
    जय हिन्द!