Close

    टोक्यो ओलंपिक-2020 के कांस्य पदक विजेता हॉकी टीम के खिलाड़ियों का सम्मान समारोह

    Publish Date: अगस्त 21, 2021

    पंजाब के खेल मंत्री माननीय श्री राणा गुरमीत सिंह सोढी जी, हॉकी चण्डीगढ़ के चीफ पैटर्न डा0 चन्द्र शेखर जी, हॉकी चण्डीगढ़ के प्रधान श्री करण गिल्होत्रा जी, उप-प्रधान डा0 पुशविन्दरजीत सिंह जी, श्री अनिल वोहरा जी, सहित सभी हॉकी खिलाड़ी, खिलाड़ियों के सम्मानित माता-पिता, कोच साहेबान, पदाधिकारीगण, अतिथिगण, भाईयो-बहनांे, पत्रकार व छायाकार बंधुओं। मैं आज इस समारोह में आप सभी का हार्दिक अभिनन्दन करता हूँ।
    मैं आज इस कार्यक्रम में पहुँचकर बहुत ही गौरवान्वित महसुस कर रहा हुँ। आज सम्मानित होने वाले सभी हॉकी ओलंपिक के प्रतिभागी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ देता हूँ, जिन्होंने हॉकी में कांस्य पदक जीतकर 41 वर्ष के बाद हॉकी में भारत ने फिर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
    मैं आज इन खिलाड़ियों के साथ-साथ इनके माता-पिता और कोच साहेबान को भी बधाई देता हूँ जिनके त्याग, तपस्या मेहनत से हॉकी खिलाड़ियों ने यह ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया है।
    मुझे यह कहते हुए बहुत ही गर्व महसुस हो रहा है कि हॉकी टीम में सबसे ज्यादा खिलाड़ी चण्डीगढ़, हरियाणा व पंजाब से है। चण्डीगढ़ के पांच हॉकी खिलाड़ियों को आज सम्मानित किया जा रहा है, जिनमें हॉकी की पुरूष टीम के रूपिन्द्र पाल सिंह व गुरजन्ट सिंह तथा महिला हॉकी टीम से मोनिका, शर्मिला देवी और रीना खोखर शामिल है। मैं सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देता हूँ। आज मुझे बेटियों पर और भी गर्व है जिन्होंने हॉकी व अन्य प्रतिस्पर्धाओं में उमदा प्रदर्शन कर देशवासियों का दिल जीता है।
    हरियाणा, पंजाब और चण्डीगढ़ का ओलंपिक खेलों में एक स्वर्णिम इतिहास रहा है। हॉकी खेल हरियाणा, पंजाब व चण्डीगढ़ का प्रयाय रहा है। इसी कारण हॉकी खेल में तो टीम इंडिया लगातार दशकों तक दुनिया की सिरमोर रही है।
    हॉकी टीम की इस कांस्य पदक रूपी जीत से हॉकी के जगत में नए आयाम स्थापित होगें और देश के युवा फिर से हॉकी में भारत का झण्डा बुलन्द करेंगे। खिलाड़ियों की यह जीत युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करती रहेगी।
    हरियाणा की खेल नीति के तहत ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को छह करोड़, रज़त पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को चार करोड रूपए और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अढ़ाई करोड़ रूपए की राशि दी जा रही है। सरकार द्वारा पदक जीतने वाले व प्रतिभागी खिलाड़ियों को कुल सवा तेइस (23.25) करोड़ रूपये की राशि ईनाम स्वरूप दी जा चुकी है। मेरा मानना है कि सभी राज्यों की सरकारें खेल नीति तैयार कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करे ताकि खिलाड़ी देश के लिए और अच्छा कर पाएं।
    मैं आशा करता हूँ कि सभी युवा अपनी रूचि अनुसार खेलों में भाग लेंगे और निश्चित रूप से अग्रिम ओलंपिक जो पेरिस में होना है व उससे पूर्व हाने वाले पैरालंपिक, राष्ट्र मंडल तथा एशियन गेम्स में भारत के पदकों की संख्या दोगुणी होगी।
    सरकार आपके साथ है और सरकार द्वारा हर सम्भव मदद की जाएगी। एक बार फिर मैं सभी खिलाड़ियों का अभिनन्दन करते हुए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ।
    धन्यवाद
    जयहिन्द!