Close

    गुजरात दिवस, राजभवन

    Publish Date: मई 1, 2023

    भाईयों और बहनों!
    आज हम सबों के लिए बहुत ही गर्व का विषय है कि गुजरात दिवस के शुभ अवसर पर हम सभी यहां एकत्रित हुए हैं। मैं आप सभी को गुजरात दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
    एक मई उन्नीस सौ साठ को जब गुजरात राज्य की स्थापना हुई तब शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि एक दिन यह राज्य पूरे भारत में विकास के मॉडल के रूप में स्थापित होगा।
    यह हमारे लिए अति प्रसन्नता की बात है कि पूरे विश्व में जब भारत के राज्यों के विकास के बारे में चर्चा होती है तो उनमें से गुजरात और हरियाणा की विशेष रूप से चर्चा होती है। दोनों राज्यों ने विकास के नए मापदंडों को हासिल किया है।
    मैं भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, जो स्वयं गुजरात से हैं, की बात से बिलकुल सहमत हूं कि ‘गुजरात ने अपनी सर्वांगीण प्रगति के साथ-साथ अपनी अनूठी संस्कृति के कारण अपनी छाप छोड़ी है‘।
    भाईयों और बहनों! गुजरात की महान विरासत को आप लोगों ने जिस प्रकार से संवारा है, उसकी मैं दिल से प्रशंसा करता हूं। आपने जीवन के हर एक क्षेत्र में अपनी मेहनत से एक मिसाल कायम किया है।
    यह हमारे लिए कितना हर्ष का विषय है कि आज विश्व का शायद ही ऐसा कोई देश है, जहां हमारे गुजरात के लोगों ने अपने परिश्रम के बल पर एक पहचान न बनाई हो।
    अगर हम देश की स्वतंत्रता आंदोलन की बात करें तो गुजरात ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महात्मा गांधी, सरदार बल्लवभाई पटेल, दादा भाई नोरौजी जैसे महान विभूतियों ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन को एक नया आयाम देने का कार्य किया।
    आधुनिक भारत के निर्माण में गुजरात के युवाओं ने प्रभावशाली योगदान दिया है। देश के विभिन्न भागों में वो अपनी प्रबंधन क्षमताओं और कुशलताओं से समावेशी विकास को एक नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
    मैं आशा करता हूं कि आप लोग अपने राज्य और भारत के समेकित विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेगें। आप सबों को फिर से गुजरात दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
    जय गुजरात, जय हिन्द!