Close

    कृष्णा-कृष्णा का गुणगान करके दूर किए जा सकते है कैंसर जैसे रोग – राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय

    Publish Date: सितम्बर 6, 2023

    राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व विधायक सुभाष सुधा ने इस्कॉन की कुरुक्षेत्र टूरिज्म वेबसाइट का किया शुभारंभ, राज्यपाल ने इस्कॉन के कुरुक्षेत्र 48 कोस धाम टूरिज्म पैकेज के ब्रौशर का किया विमोचन, इस्कॉन की तरफ से धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी महोत्सव

    चंडीगढ़, 7 सितंबर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि कृष्णा-कृष्णा का गुणगान करके कैंसर जैसे रोगों को भी दूर किया जा सकता है। इसके लिए मनुष्य को भगवान श्री कृष्ण के भक्ति रस में डूबा होगा। इस भक्ति रस से ही पूरी मानव जाति का कल्याण संभव हो सकता है। इस कार्य को इस्कॉन के भक्त बखूबी कर रहे है। इस संस्थान के भक्तों को पवित्र ग्रंथ के संदेशों को भी जन-जन तक पहुंचाने के लिए गांव स्तर पर समितियों का गठन करना होगा।

    राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ज्योतिसर के पास इस्कॉन की तरफ आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में बोल रहे थे। इससे पहले राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, विधायक सुभाष सुधा, इस्कॉन कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष साक्षी गोपाल महाराज, अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, इस्कॉन कुरुक्षेत्र के उपाध्यक्ष मोहन गोर चंद्र ने इस्कॉन की तरफ से तैयार की गई कुरुक्षेत्र टूरिज्म.काम वेबसाइट के साथ साथ कुरुक्षेत्र 48 धाम के टूरिज्म पैकेज ब्रौशर का विमोचन किया। इस दौरान राज्यपाल ने भगवान श्री कृष्ण को अभिषेक करने की रस्म भी अदा की है। राज्यपाल ने इस्कॉन मंदिर का अवलोकन किया और जन्माष्टमी पर भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना भी की है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की धरा पर ही अर्जुन का मोह तोड़ने के लिए गीता के उपदेश दिए थे। इन उपदेशों को अपने जीवन में धारण करने वाला व्यक्ति अपने मनुष्य जीवन को सफल बना सकता है।

    उन्होंने कहा कि इस्कॉन के भक्त देश ही पूरी दुनिया में भगवान श्री कृष्ण के प्रचार प्रसार कर रहे है। इन भक्तों के प्रयासों से ही विश्व के अधिकतर भक्त भगवान श्री कृष्ण के साथ जुड़ कर कृष्णा-कृष्णा का जाप कर रहे है। इस मंदिर के प्रवेश द्वार पर बच्चों ने जब कृष्णा-कृष्णा का जाप किया तो एक सुखद अहसास किया और मन को शांति भी मिली। इस से सहजता से महसूस किया जा सकता है कि इस्कॉन भक्तों के प्रयास रंग ला रहे है और भावी पीढ़ी भक्ति रस में डूब रही है। इस भक्ति रस का आज पूरी मानव जाति को अपने शरीर में संचार करने की जरूरत है। इस भक्ति रस के संचार से विश्व शांति स्थापित होगी और समाज के लोग जाति पाति, छुआछूत जैसी कुरीतियों से दूर हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस्कॉन के भक्त सेवा से भाव से कार्य कर रहे है। इस संस्थान ने कोरोना काल में हैदराबाद में लाखों-करोड़ों लोगों को भोजन उपलब्ध करवाने का काम किया। इस संस्थान से सभी लोगों को प्रेरणा लेनी की जरूरत है।

    विधायक सुभाष सुधा ने नागरिकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस्कॉन कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष साक्षी गोपाल और सदस्यों के प्रयासों से कुरुक्षेत्र के शहरों व गांवों में भगवान श्री कृष्ण का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इस संस्थान ने ज्योतिसर में भव्य मंदिर का निर्माण करके एक सराहीन कार्य किया है। इससे कुरुक्षेत्र के पर्यटन में इजाफा होगा। इसके साथ कुरुक्षेत्र टूरिज्म पैकेज से कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थो का दुनिया भर में प्रचार होगा। इस्कॉन कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष साक्षी गोपाल ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि इस्कॉन ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के साथ मिलकर पवित्र ग्रंथ गीता पर सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए है। इस संस्थान की तरफ से कुरुक्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विश्व में चमकाने के लिए वेबसाइट तैयार की है और कुरुक्षेत्र टूरिज्म पैकेज भी तैयार किया है। यह 7 दिन का पैकेज होगा और कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थो का भ्रमण करवाया जाएगा। उपाध्यक्ष मोहन गोर चंद्र ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एसडीएम सुरेंद्र पाल, प्रदेश स्वागत समिति सचिव पवन शर्मा पर्चेदा, प्रचार समिति के जिला अध्यक्ष सतपाल शर्मा, सीतापति दास आदि गणमान्य लोग मौजूद थे।