Close

    अपनी अंतर आत्मा की आवाज़ और अपने दृढ़ विश्वास के बलबूते पर आदमी अपने जीवन में न केवल सफलता की बुलंदियों को हासिल कर सकता है, बल्कि देश-दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाने में भी कामयाब हो सकता है- राज्यपाल

    Publish Date: मई 31, 2023
    WhatsApp Image 2023-05-31 at 13.59.32 (1)

    चंडीगढ़, 31 मई- अपनी अंतर आत्मा की आवाज़ और अपने दृढ़ विश्वास के बलबूते पर आदमी अपने जीवन में न केवल सफलता की बुलंदियों को हासिल कर सकता है, बल्कि देश-दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाने में भी कामयाब हो सकता है। हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने यह उद्गार आज हरियाणा राज भवन में मोती लाल नेहरू स्पोर्टस स्कूल, राई, सोनीपत से आए 22 प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए प्रकट किए तथा उनके द्वारा जिम्नास्टिक खेल में 48 मैडल हासिल करने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं सफल जीवन की शुभकानाएं दी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एवं निदेशक श्री अशोक मोर तथा उनके सभी जिम्नास्टिक कोच भी उपस्थित थे।
    राज्यपाल हरियाणा ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले सभी युवा जिम्नास्टिक खिलाड़ियों से अलग-अलग संवाद करते हुए उनके विचारों को सांझा किया तथा उन्हें गुरू द्रोणाचार्य और अर्जुन के बारे में गुरू-शिष्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खिलाड़ियों को चाहिए कि वे विजयश्री हासिल करने के लिए केवल मात्र अपने लक्षय पर ही ध्यान रखें तभी हम जीवन में अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होनें युवा खिलाड़ियों को सफलता हासिल करने के अनेकों गुण प्रदान करने के लिए अपने युवा काल के जीवन के अनुभव को भी सांझा किया तथा कहा कि युवा खिलाड़ियों को अपने देश के उत्कृष्ट, प्रतिभावान खिलाड़ियों के जीवन से भी प्रेरणा लेनी चाहिए।
    स्कूल के प्रधानाचार्य एवं निदेशक श्री अशोक मोर ने कहा कि मोती लाल नेहरू स्पोर्टस स्कूल, राई के युवा खिलाड़ियों ने देश में पहली बार इतनी अधिक संख्या में मैडल प्राप्त कर के एक नया इतिहास रचा है। उन्होनें बताया कि राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में मोती लाल नेहरू स्पोर्टस स्कूल, राई के 22 जिम्नास्टिक युवा खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया था जिसमें छात्रों ने 15 अलग-अलग स्पर्धाओं में भाग लिया। सीनीयर वर्ग में उन्होनें 15 रजत पदक और 33 कांस्य पदक जीते। उन्होनेें सीनीयर वर्ग में दूसरा सिल्वर मैडल और जूनियर वर्ग में तीसरा कांस्य पदक जीत कर तीन चैम्पियनशिप भी जीती। उन्होनें कहा कि हमें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि स्कूल के अपने 50 वर्ष के इतिहास में युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सबसे अधिक राष्ट्रीय पदक जीतकर एक नया इतिहास रचा है।
    इस से पूर्व श्री अशोक मोर, समस्त जिम्नास्टिक कोच तथा सभी जिम्नास्टिक खिलाड़ियों ने हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय को शाल ओढ़ाकर तथा फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उनका अभिनन्दन एवं स्वागत किया तथा बच्चों ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि को हासिल करने की खुशी में राज्यपाल हरियाणा को लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया।
    WhatsApp Image 2023-05-31 at 13.59.32 (1)

    WhatsApp Image 2023-05-31 at 13.59.32