श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम
चण्डीगढ़ 14 जुलाई- हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि देश के पहले श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय का नया परिसर कुरुक्षेत्र के गांव फतुपुर में 103 एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। इस विश्वविद्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए सरकार की तरफ से 500 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि से आगामी 36 माह में विश्वविद्यालय के नए भवन का निर्माण करने का लक्ष्य भी तय किया गया है। इतना ही नहीं विश्वविद्यालय के अधिकारियों को आयुर्वेदिक राजकीय कॉलेजों और विद्यार्थियों की संख्या में इजाफा करने का प्रयास करना है।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय वीरवार को श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय के प्रांगण में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने विधायक सुभाष सुधा, आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डा. बलदेव धीमान, उपायुक्त मुकुल कुमार के साथ आयुष विश्वविद्यालय का अवलोकन किया और परिसर में पौधारोपण करके विश्वविद्यालय की तरफ से तैयार की गई आधुनिकतम आयुर्वेदिक लैब का निरीक्षण भी किया।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से कोरोना काल में किए गए कार्यों, नए शोध कार्यों, विश्वविद्यालय की 5 सालों की प्रगति आदि विषयों पर तैयार की गई पॉवर प्रेजेंटेशन की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश का पहला आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर बनने जा रहा है। इस विश्वविद्यालय को स्थापित करने पर सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल बधाई के पात्र है।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के नए भवन का निर्माण निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाना चाहिए। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासनिक अधिकारियों को आयुर्वेदिक कॉलेज और विद्यार्थियों की संख्या में इजाफा करने की योजना तैयार करनी चाहिए, प्रयास करना चाहिए कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में आयुर्वेदिक कालेज की स्थापना की जाए ताकि प्रत्येक बीमार व्यक्ति का इलाज आयुष पद्धति से किया जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन को नई तकनीक का प्रयोग करना चाहिए, विश्वविद्यालय के प्रांगण में एक बड़ा हर्बल गार्डन, आधुनिकतम लैब, नाड़ी तर्गनी पर शोध किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को शोध व अन्य कार्य केवल कागजों तक ही सीमित रखने अपितु आयुर्वेद के क्षेत्र में किया गया कार्य सही मायने में धरातल पर नजर आना चाहिए। विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का अनुसरण करते हुए अपने 100 फीसदी लक्ष्य को कम से कम समय में प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि अथक प्रयासों से ग्राम पंचायत फतुपुर की तरफ से देश के पहले आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण करने के लिए करीब 103 एकड़ जमीन मुहैया करवाई गई है। अब इस जमीन पर आयुष विश्वविद्यालय बनने का सपना साकार होने जा रहा है।
आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डा. बलदेव धीमान ने मेहमानों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की 5 सालों की प्रगति रिपोर्ट पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने कोरोना काल में सराहनीय कार्य किया है। पंचकर्मा विभागाध्यक्ष डा. आशीष मेहता ने विश्वविद्यालय के साथ जुड़े 8 राजकीय सहित 13 कॉलेजों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और बताया कि 9 शिक्षण संस्थानों के साथ एमओयू किया जा चुका है।

राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में पदाधिकारियों की बैठक में संबोधित करते हुए

राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के परिसर में विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए

राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के परिसर में पौधारोपण करते हुए