Close

    राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं

    Publish Date: अगस्त 16, 2025

    चंडीगढ़, 16 अगस्त, 2025: हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राज्य और देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

    अपने संदेश में, माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन और उनकी शिक्षाएं धर्म, सत्य, करुणा और भक्ति के शाश्वत मूल्यों का प्रतीक हैं। उन्होंने हरियाणा के लोगों से इन आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने और सद्भाव, न्याय एवं परस्पर सम्मान पर आधारित समाज के निर्माण के लिए कार्य करने का आग्रह किया।

    कुरुक्षेत्र के युद्धक्षेत्र में भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए दिव्य उपदेश को याद करते हुए, माननीय राज्यपाल प्रो. घोष ने भगवद् गीता के कर्तव्य, निस्वार्थ कर्म, नैतिक साहस के संदेश की शाश्वत प्रासंगिकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह पवित्र शिक्षा विश्व भर में मानवता को चुनौतियों से ऊपर उठने और धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

    माननीय राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि जन्माष्टमी का पर्व सभी नागरिकों के लिए शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करेगा तथा उन्हें हरियाणा और समग्र रूप से राष्ट्र की प्रगति और एकता में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।