Close

    राज्यपाल ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की बधाई दी

    Publish Date: मई 1, 2025

    श्रमिकों का अथक परिश्रम राज्य की प्रगति का आधार- बंडारू दत्तात्रेय

    चंडीगढ़, 1 मई 2025- हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने आज वीरवार को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर राज्य के सभी श्रमिकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने श्रमिकों के अथक परिश्रम को राज्य की प्रगति का आधार बताया। राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा के श्रमिक न केवल हमारे उद्योगों और खेतों की रीढ़ हैं, बल्कि वे हमारे सामाजिक-आर्थिक विकास के असली नायक हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में श्रमिकों की अहम भूमिका है।

    उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने श्रमिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें ई-श्रम पोर्टल के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीकरण, स्वास्थ्य बीमा, और न्यूनतम वेतन लागू करना शामिल है। श्रमिकों की बेटियों की शादी में वित्तीय सहायता और कन्यादान योजना के तहत अब एक लाख एक हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं। एन.सी.आर क्षेत्र में ‘ग्रेप-4’ लगने के कारण 6 लाख 54 हजार पंजीकृत श्रमिकों को 265 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई। इसके अलावा, श्रमिकों को उत्तम स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए नई ईएसआईसी डिस्पेंसरियों और अस्पतालों की स्थापना की जा रही है।

    राज्यपाल ने श्रमिक कल्याण पर बल देते हुए इन्डस्ट्री मजदूर व अन्य क्षेत्रों में कार्य कर रहे मजदूरों की भलाई के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने हर श्रमिक को सुरक्षित कार्यस्थल, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि आइए, हम सब मिलकर हरियाणा के मेहनतकश श्रमिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें और उनके बेहतर भविष्य के लिए संकल्प लें।