Close

    हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय जी द्वारा 23 जून 2022 को पंचकूला में आयोजित भीम अवार्ड समारोह में दिए जाने वाले भाषण का प्रारूप

    Publish Date: जून 23, 2022

    हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता जी,

    हरियाणा के युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री श्री संदीप सिंह जी,

    हरियाणा के मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल जी,

    हरियाणा के खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. महावीर सिंह जी,

    खेल निदेशक श्री पंकज नैन जी,
    अन्य अधिकारीगण, पुरस्कार विजेता प्रिय खिलाडियों एवं बहनों व भाइयों।

    देश में आज हरियाणा को खेलों का पर्याय समझा जाने लगा है। देश के किसी भी भाग में यदि खेलों पर कोई चर्चा होती है, तो सबसे ऊपर हमारे प्रदेश हरियाणा का ही नाम आता है। जब भी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल व कोई भी अन्तर्राष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता होती है तो देश की रेटिंग एजेंसियां हरियाणा की ओर देखती हैं। इसके लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं।
    खेल एक निरंतर प्रक्रिया है। इसके चलते गत चार वर्षों के दौरान जिन 52 खिलाडियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उन्हें आज भीम अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा है। इनको करीब 2.6 करोड रूपए की राशि वितरित की जाएगी। भीम अवार्ड प्रदेश का सर्वोच्च उत्कृष्टता अवार्ड है और इसके लिए विजेता खिलाडी को 5 लाख रूपए की नकद राशि, भीम स्टैचू इत्यादि प्रदान करना अति सराहनीय हैैं। सरकार द्वारा प्रतिवर्ष ऐसे ग्यारह खिलाडियांे का इस अवार्ड से नवाजा जाता हैं।
    आज के इस सम्मान समारोह में सबसे अधिक उन्नीस (19) विशेष व पैरा-खिलाडियों को सम्मानित किया जा रहा हैं। इसके साथ ही कुश्ती के 8, हॉकी के 5 तथा बॉक्सिंग के 4 खिलाडियों को अच्छा प्रदर्शन करने पर पुरस्कृत किया जा रहा है। इसके अलावा आज कबड्डी, केनोइंग व सूटिंग में 3-3 खिलाडियों तथा 7 अन्य खिलाडियों को भीम अवार्ड दिया जा रहा है। इन खिलाडियों को पांच हजार रूपए मासिक मानदेय भी देने की व्यवस्था है। इसके लिए मैं सभी विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देता हूं।
    प्रदेश के लिए यह भी खुशी का विषय है कि गत दिनों पंचकूला में हुए खेलों इंडिया यूथ गेम्स-2021 में हरियाणा के खिलाडियों ने 137 पदक जीतकर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इन खेलों में कुल 12 राष्ट्रीय रिकार्ड बनाए हैं, जिनमें से हरियाणा के खिलाडियों ने 3 रिकार्ड अपने नाम किए हैं। यह हमारे लिए गर्व का विषय हैं।
    केन्द्र सरकार द्वारा शुरू किए गए खेलों इंडिया स्कूल गेम में देशभर के उत्कृष्ट खिलाडिय़ों का चयन किया जाता है। इनमें हर वर्ष एक हजार नए खिलाडिय़ों को शामिल भी किया जाता है, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ी भी शामिल होते हैं। इसके तहत उन्हें खेलों के विकास हेतु 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था भी है।
    मेरी सरकार ने राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर न केवल पदक विजेता खिलाडियों की पुरस्कार राशि में भारी बढ़ोतरी की है बल्कि योग्यतानुसार उन्हें नौकरी देने का प्रावधान भी किया है। ऐसे विजेता खिलाडियों को नौकरियों में आरक्षण भी दिया जा रहा है। इसके तहत अभी तक 190 खिलाडियों को ग्रूप ए, बी तथा सी श्रेणी की नौकरियां दी है।
    हरियाणा सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान करीब बारह हजार खिलाडिय़ों को लगभग सवा चार सौ (425) करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की है। सरकार के ‘खेल सबके लिए’ के स्लोगन को सार्थक करने के लिए प्रथम चरण में राज्य के ग्यारह सौ गांवों में ‘योग एवं व्यायामशालाएं’ खोली जा रही है। सरकार ने गत पांच वर्षों के दौरान खेल आधारभूत संरचना के निर्माण व नवीनीकरण (त्मदवअंजपवद) पर करीब पांच सो पच्चीस (525) करोड रूपए की राशि भी खर्च की है।
    राज्य के 8 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाडिय़ों के शारीरिक प्रशिक्षण के लिए ग्यारह सौ खेल नर्सरियां बनाई गई है। इनमें योग्य शिक्षक गांव के बच्चों, युवाओं, महिलाओं तथा बुजुर्गों को योगाभ्यास एवं खेल गतिविधियां करवाते हैं।
    प्रदेश में खेलों के प्रचार-प्रसार के लिए ‘स्पोर्ट्स कांउसिल’ तथा युवाओं के कौशल विकास एवं एडवेंचर स्पोटर््स को बढ़ावा देने के लिए ‘हरियाणा अकादमी ऑफ एडवेंचर स्पोटर््स’ का गठन किया है। इसके साथ ही विश्व की 10 सबसे ऊँची चोटियों पर पहुंचने वाले हरियाणा के पर्वतारोहियों को पांच लाख रुपये नकद पुरस्कार तथा ‘ग्रेड-सी स्पोर्टस ग्रेडेशन सर्टिफिकेट’ देने की व्यवस्था है।
    हमारी सरकार द्वारा बनाई गई नई खेल नीति-2015 में एकलव्य, महाराणा प्रताप, रानी लक्ष्मी बाई, विक्रमादित्य तथा गुरू वशिष्ठ सहित अनेक महापुरूषों के नाम पर अवार्ड शुरू किये हैं। इसके साथ ही अनुसूचित जाति के खिलाडिय़ों द्वारा पदक अर्जित करने पर 1500 रुपये से 7000 रुपये तक मासिक छात्रवृति देने का प्रावधान किया है जबकि महिला खिलाडिय़ों को इससे 1000 रुपये अतिरिक्त राशि प्रदान की जाती है।
    हरियाणा सरकार की खेल सुविधाओं के चलते राज्य के अनेक खिलाडी दुनिया में अपना परचम लहरा रहे हैं। मुझे बडा हर्ष है कि टोक्यो ओलम्पिक में नीरज चौपडा ने जेवेलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। इसके लिए मैं उन्हें व आप सभी को पुनः बधाई देता हूं।
    आज के इस आयोजन की सफतला पर मैं उम्मीद करता हूं कि आप खेलों में इसी प्रकार आगे बढते रहें और खेलों में देश को दुनिया का सिरमोर बनाने में अपना योगदान दें।
    अंत में एक बार फिर आप सभी को शुभकामनाएं।
    धन्यवाद
    जयहिन्द!