Close

    राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने बर्मिंघम में हुए राष्ट्र मंडल खेलों में सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को जीत की बधाई व शुभकामनाएं दी

    Publish Date: अगस्त 9, 2022

    चण्डीगढ़ 09 अगस्त – हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने बर्मिंघम में हुए राष्ट्र मंडल खेलों में सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को जीत की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। इन खेलों में भारत की तरफ से सबसे अधिक 20 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं वहीं कास्य पदक जीतने वाली महिला हाकी टीम में आधी से भी अधिक खिलाड़ी हरियाणा से है। इसी तरह से पुरूष हाकी टीम में भी कई खिलाड़ी हरियाणा से है। इस टीम ने भी रजत पदक जीता है। भारत के 22 स्वर्ण पदक में से 9 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 20 पदक जीते, जिनमें व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा की आठ महिला खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं तथा हरियाणा की नौ लड़कियां कांस्य पदक विजेता हाकी टीम की सदस्या हैं। इस प्रकार लड़कियों ने लड़कों से भी बेहतर प्रदर्शन कर यह दिखा दिया है कि ‘‘छोरियां, छोरों से कम नहीं है‘‘। हरियाणा के इन सभी खिलाड़ियों को विशेष रूप से बधाई एवं शुभकामनाएं।
    राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने खेलों को कॅरियर के रूप में अपनाया है। हरियाणा सरकार ने खेलों के लिए नई खेल नीति बनाकर युवाओं को आकर्षित किया, जिसके परिणामस्वरूप युवा वर्ग खेलों की तरफ उत्साहित हुुआ है। हरियाणा के युवाओं हर अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में न केवल प्रदेश का बल्कि देश का नाम रोशन किया है। इसी लिए हरियाणा खेलों का प्रयाय बना है और खेल हब के रूप में विकसित हुआ है।
    उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई सभी ओलम्निक सहित अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों की सबसे अधिक भागीदारी रही है और सबसे अधिक पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के कुल 213 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें 43 खिलाड़ी हरियाणा के हैं। टोक्यो ओलम्पिक-2020 की बात की जाए तो भारत के कुल सात पदको में से चार पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम रहे। इसी तरह से टोक्यो पैरालम्पिक-2020 में भी भारत ने कुल 19 पदक जीते जिनमें 06 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम रहे। विगत मार्च माह में पंचकूला में आयोजित खेलों इंडिया टूर्नामेंट में भी पदक तालिका में हरियाणा के नाम शीर्ष पर रहा। पूर्व की भांति बर्मिंघम खलों में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने हरियाणा का परचम फहराया।
    खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने प्रदेश की जनता के साथ-साथ हरियाणा सरकार को भी बधाई दी है, जिसकी नई खेल नीति को अपना कर प्रदेश के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
    उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत हरियाणा सरकार ने एक साल में 100 करोड़ रूपए की राशि नकद ईनाम के रूप में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया है। इस वर्ष राज्य के बजट में भी खेलों के लिए 600 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है जो किसी भी बड़े राज्य से अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल नीति का अब देश के अन्य राज्य भी अनुसरण करने लगे हैं। आशा है कि सभी राज्य ऐसी ही खेल नीति तैयार करेगें, जिससे सभी राज्यों के युवा खेलों की ओर आकर्षित होगें।