Close

    पानीपत में सीबीएसई द्वारा आयोजित स्किल एक्सपो वर्कशॉप

    Publish Date: अक्टूबर 31, 2022

    चण्डीगढ़ 31 अक्तूबर – हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने सोमवार को पानीपत में सीबीएसई द्वारा आयोजित स्किल एक्सपो वर्कशॉप में बतौर मुख्यातिथि छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल व हुनर से ही देश उन्नति कर सकता है। कौशल प्रशिक्षण के बाद रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
    उन्होंने कहा कि तकनीक, अन्वेषण और शोध तीन ऐसे बिंदु है जिनमें उन्नति का सार छुपा हुआ है। सभी बिंदु दक्षता और क्षमता पर आधारित हैं। स्किल इंडिया, मेड इन इंडिया पर हमें विश्वास है। सेना से तो देश आगे बढ़ेगा ही कौशल भी एक फोर्स है जिसमें आगे बढऩे की पूरी संभावनाएं हैं।
    उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कौशल विकास के लिए पलवल में 1000 करोड़ की लागत से तैयार विश्वकर्मा विश्विद्यालय की शुरुआत की है जिसके आगामी बेहतर परिणाम होंगे। प्रदेश सरकार ने 2025 तक नई शिक्षा नीति लागू करने का साहसिक निर्णय लिया है।
    उन्होंने कहा कि कौशल विकास के लिए प्रधानमंत्री ने तीन हजार करोड़ का पैकेज दिया है। अनेक स्थानों पर 1500 प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं जो कौशल को गति प्रदान कर रहे हैं। कौशल मंत्रालय के परिणाम देश में उन्नति का संचार करेंगे। किसी भी देश व प्रदेश की संस्कृति का विकास युवा पीढ़ी पर आधारित होता है। चरित्र-निर्माण के बिना राष्ट्र-निर्माण अधूरा है। भारत आज सर्वाधिक प्रतिभाशाली, होनहार, परिश्रमी और निष्ठावान युवाओं का देश है। युवाओं के कारण आज भारतीय कला, संस्कृति, बौद्धिक क्षमता और आध्यात्मिक चेतना की विश्व में अलग पहचान बनी है और आधुनिक भारत को विश्व के अनेक देश एक आदर्श देश के रूप में देखते हैं।
    राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि कौशल फोर्स का प्रतिशत अलग-अलग देशों में अलग-अलग हैं। ब्रिटेन में यह प्रतिशत 68 है,जर्मनी में 75 ,अमेरिका में 52 और जापान में 80 और साउथ कोरिया में 96 है जबकि भारत में काफी कम है। इसे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए अच्छे टेक्नीशियन व अच्छे इलेक्ट्रीशियन की जरूरत है। बहुत से ऐसे क्षेत्र हैं जहां इलेक्ट्रीशियन नहीं है हमें कौशल को बढ़ाना देना होगा। वर्तमान में इसकी जरूरत भी है। कौशल आधारित कार्यशालाएं लगाकर अभियान चलाया जा रहा है।
    कार्यशाला में विधायक प्रमोद विज ने कहा कि कौशल पर ध्यान देने की जरूरत है। आने वाले समय में हम दूसरों को नौकरियां देंगे हमें ऐसी कोशिश करनी होगी। इस से पूर्व राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पूर्व गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
    सीबीएसई स्किल एजुकेशन के संयुक्त सचिव आर.पी. सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ कौशल की जरूरत है। युवा शक्ति के बल पर ही हम राष्ट्र का नवनिर्माण कर इसे आज विश्व की बड़ी शक्ति बनाने में सफल रहे हैं। हमारी प्रतिभाशाली युवाशक्ति का आज पूरा संसार लोहा मानता है। इस मौके पर सांसद संजय भाटिया, विधायक प्रमोद विज, उपायुक्त सुशील सारवान,पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के अलावा अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।