Close

    द चर्च आफ ग्लोरी विजडम की क्रिसमस पर शोभा यात्रा, मुल्लांपुर

    Publish Date: दिसम्बर 20, 2022

    प्रोफेट श्री बजिंद्र सिंह जी
    सुश्री अनिका जी
    श्री अशोक परधा जी
    सुश्री बिमला प्रधान जी
    श्री परमजीत सिंह जी
    श्री राजेश चैधरी जी
    श्री संजीव कुमार लड्डू जी
    श्री अवतार सिंह जी
    उपस्थित श्रद्धालुगण, शोभा यात्रा में भाग ले रहे सभी भाईयों-बहनों, प्यारे बच्चों और मीडिया बंधुओं!
    मैं क्रिसमस के पवित्र पर्व के उपलक्ष में आयोजित शोभायात्रा के इस कार्यक्रम में आप सब के बीच पहुंच कर बहुत ही प्रसन्नता अनुभव कर रहा हूं। आनंद एवं खुशियों के पर्व क्रिसमस की आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। प्रभु यीशु से कामना करता हूं कि इस शोभा यात्रा से हम सब के जीवन में नई खुशियों का संचार हो।
    देवियों और सज्जनों!
    भारतवर्ष त्योहारों का देश है, जहां सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर विभिन्न प्रकार के त्योहार मनाते हैं। दिवाली, दशहरा, होली, रक्षाबंधन की ही तरह क्रिसमस भी एक खास पर्व है। सभी धर्मों के लोग इस त्योहार को खुशी से मनाते हैं। यह ईसाई समुदाय का सबसे बड़ा त्योहार है। इसी दिन प्रभु ईसा मसीह अर्थात जीसस क्राइस्ट का जन्म हुआ था। इसलिए इसे ‘बड़ा दिन‘ भी कहते हैं। हालांकि क्रिसमस पर्व 25 दिसंबर को है। फिर भी पखवाड़ा भर पहले लोग शोभा यात्रा, समागम, प्रार्थना, झांकियां निकाल कर, सभाएं आयोजित कर खुशियों का इज़हार करते हैं, जिससे सामाजिक सद्भाव व भाईचारा मजबूत होता है।
    प्रभु यीशु ने पूरी मानवता को प्रेम, प्यार, करूणा, दया और विश्वास का संदेश दिया था। उनका विचार था कि आप जितना अपनों से प्यार करते हैं, उतना ही आप अपने पड़ोसी व अन्य लोगों से भी प्यार करें। मानवता के प्रति मन में समभाव से ही विश्व में शांति, समृद्धि और सुख की बयार बहेगी। प्रभु यीशु चाहते थे कि मनुष्य ईश्वर में विश्वास करके उद्धार, पुनरूथान व ज्ञान के मार्ग पर चले। इससे मानव का विकास होगा।
    क्रिसमस पर बच्चों के लिए सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र सांताक्लॉज होता है, जो लाल और सफेद कपड़ों में बच्चों के लिए ढ़ेर सारे उपहार और चॉकलेट्स लेकर आता है। यह एक किरदार होता है जिसके प्रति बच्चों का विशेष लगाव होता है।
    ऐसा कहा जाता है कि सांताक्लॉज स्वर्ग से आता है और लोगों को मनचाही चीजें उपहार के तौर पर देकर जाता है। यही कारण है कि कुछ लोग सांताक्लॉज की वेशभूषा पहनकर बच्चों को भी खुश कर देते हैं।
    आज प्रभु यीशु की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए आप सभी काम कर रहे हैं। लोगों को आनंद और खुशी देने के लिए आपकी संस्था द चर्च आफ ग्लोरी विजडम द्वारा लोक कल्याण के कार्य करना बहुत ही सराहनीय है। मुझे पता चला है कि स्थानीय पी.जी.आई. और अन्य अस्पतालों में रोगियों और उनके तीमारदारों को भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। मैं आपको इस कार्य के लिए बधाई देता हूं। मेरा विश्वास है कि आप निरंतर कल्याण कार्यों को बढ़ावा देते रहेगें। इससे प्रभु यीशु की शिक्षाओं का भी प्रचार-प्रसार होगा और समाज में खुशी व्याप्त होगी।
    एक बार फिर मैं प्रभु यीशु के जन्म दिवस अर्थात क्रिसमस के अवसर पर निकाली गई शोभा यात्रा के लिए सभी को शुभकामनाएं देता हूं और प्रभु यीशु से कामना करता हूं कि वे हम सबके जीवन में खुशियां भरें। इसके साथ ही आप सब का बहुत-बहुत आभार।
    जय हिन्द!